प्रदेश के 36 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए गुरुवार को वोट डाले गए। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बाद तक वोटिंग हुई।
मतदान खत्म होते ही मतगणना कराई गई। अब जिला पंचायत चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान की वीडियोग्राफी के आदेश दिए गए थे।
इन जिलों में हुआ चुनाव
रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बलरामपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, हापुड़, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, ओरैया, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, उन्नाव, गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर व सोनभद्र।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। यहां देखें परिणाम कहां कौन जीता... रामपुर से सपा के लखन सिंह जीते, लखन सिंह को 25 वोट मिले। प्रतिद्वंदी लाल सिंह को सिर्फ एक वोट मिला। 35 में से 26 सदस्यों ने वोट डाले थे।
बिजनौर जिला पंचायत में सपा विद्रोही और भाजपा समर्थित उदयनवीरा जीते। शामली में बसपा और मुज्जफरनगर में भाजपा जीती।
मुरादाबाद में पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा से पूर्व मंत्री जगराम की पत्नी ने चुनाव जीता।
अम्बेडकरनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा प्रत्याशी सुधीर सिंह मिंटू की जीत हुई। वह प्रतिद्वंदी बसपा प्रत्याशी को हराकर विजेता बने।
सुलतानपुर से सपा प्रत्याशी उषा सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उन्हें 27 जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी यशभद्र सिंह मोनू को 19 मत मिले। मेरठ में सपा प्रत्याशी सीमा प्रधान दो वोटों से जीती।
कुशीनगर में सपा के हरीश राणा जिला पंचायत अध्यक्ष बने। उन्होंने सात वोटों से निर्दल विनय प्रकाश को हराया। चुनाव के लिए कुल 68 सदस्यों ने मतदान किया, जिनमें से एक वोट अवैध पाया गया। हरीश राणा रामकोला के सपा विधायक पूर्णमासी देहाती के पुत्र हैं।
महराजगंज से भाजपा के प्रभुदयाल जिला पंचायत अध्यक्ष बने। प्रभुदयाल वार्ड नंबर 47 से जिला पंचायत सदस्य हैं। उन्हें 36 वोट मिले। वहीं सपा प्रत्याशी को 13 वोट मिले। बलरामपुर में सपा उम्मीदवार रामवती जिला पंचायत अध्यक्ष बनी।
अलीगढ में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में बसपा के उपेंद्र सिंह नीटू विजयी हुए। उपेंद्र को 42 वोट मिले। सपा विधायक राकेश सिंह की पत्नी नीतू सिंह को 9 वोट मिले। कन्नौज मे सपा और फतेहपुर मे भाजपा की जीत हुई।
वाराणसी में अपराजिता सोनकर को 30 वोट मिले वहीं अमित सोनकर को 17 मत मिले। एक मत अवैध। अपराजिता सोनकर विजयी रहीं।
मीरजापुर से प्रमिला सिंह पत्नी एमएलसी विनीत सिंह 33 मत पाकर विजयी घोषित हुईं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बसपा का एक बार फिर बसपा का कब्जा हुआ। सपा प्रत्याशी पारो यादव को 10 वोट मिले।
सोनभद्र से अनिल यादव की जीत हुई। रायबरेली से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी अवधेश सिंह ने सपा प्रत्याशी प्रभात साहू को 10 वोटों से हराया।
हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बसपा के विनोद उपाध्याय ने जीत हासिल की। वह पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई हैं। विनोद उपाध्याय को 13 वोट मिले वहीं सपा प्रत्याशी ओमवती को 12 वोट हासिल हुए।
जौनपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा के राज बहादुर यादव ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की। राज बहादुर यादव को 81 व प्रभावती पाल को 2 मत मिले । शाहजहाँपुर में सपा प्रत्याशी नीतू सिंह की हार हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव के पुत्र भाजपा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह छह वोट से जीत गए।
COMMENTS