न्यूयॉर्क। बिना हाथ और बिना पैरों की जिंदगी कैसी होगी? क्या आप सर उठाकर जीने की कल्पना भी कर सकते हैं? शरीर में थोड़ी सी कमी आ जाने पर हम खुद को असहाय महसूस करते हैं, पर निक युजिकिक हजारों लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहे हैं। उन्होंने तो कभी खुद के शरीर में हाथों और पैरों को महसूस तक नहीं किया, क्योंकि वो पैदा ही हुए थे इन दोनों अंगों के बिना।
निक युजिकिक ऑस्ट्रेलिया के हैं। पर अब वो अमेरिका में रहते हैं। निक युजिकिक जब पैदा हुए थे, तो तेत्रा एमेलिया सिंड्रोम का शिकार थे। ये रोग बहुत कम लोगों में मिला है, जिनके पास जन्म से ही हाथ और पैर जैसे सबसे जरुरी अंग होते ही नहीं।
निक युजिकिक अब 32 साल के हैं। लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए वो वक्ता की भूमिका में रहते हैं। वो लोगों को जीने का तरीका सिखाते हैं। खुद की किताब लिख चुके हैं। बता दें कि उनके बाएं कूल्हे पर एक छोटा सा पैर है, जिसके दम पर वो शरीर को बैलेंस रख लेते हैं।कूल्हे पर उगे छोटे पैर से ही वो खुद के शरीर का बैलेंस बनाकर रखते हैं। निक युजिकिक उसी छोटे पैर से लिख भी लेते हैं, तो खेल भी लेते हैं। यही नहीं, वो तैराकी भी कर लेते हैं, तो स्काई डाइविंग जैसे बेहद हिम्मत वाले खेलों का मजा भी ले लेते हैं।
निक युजिकिक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में पैदा हुए थे। वो शुरू से ही सारे काम खुद कर लेते हैं, ऐसा भी नहीं है। निक युजिकिक जब 10 साल के थे, तब खुद से हारकर उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी। पर 17 साल की उम्र होते होते उन्होंने खुद में सकारात्मक विचारों को विकसित किया।
निक युजिकिक का भरा-पूरा परिवार है। वो अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहते हैं। उन्होंने 'लव विदऑउट लिमिट्स' नाम से किताब भी लिखी है, और 'लाइफ विदऑउट लिंब्स' नाम का एनजीओ भी चलाते हैं।
COMMENTS