कोलकाता : कोलकाता पुलिस ने हिट एंड रन मामले में एक वायुसेना अधिकारी की जान लेने में पूर्व राजद विधायक के बेटे और मामले के मुख्य आरोपी सांबिया सोहराब को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने सांबिया को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस बीच जॉनी नाम के चश्मदीद ने मीडिया से बातचीत में खुलासा किया है कि हादसे से पहले सांबिया और उसने शराब पी थी और उसने उसने सांबिया से कहा था कि वह गाड़ी न चलाए लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) देबाशीष बोराल ने बताया कि उसे शनिवार रात्रि करीब सवा 11.00 बजे पार्क सर्कस सेवन प्वाइंट इलाके के चौराहे से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह अपने सास ससुर के घर की ओर जा रहा था।
पूर्व राजद विधायक मोहम्मद सोहराब का बेटा सांबिया उस ऑडी कार को चला रहा था जिसने वायुसेना अधिकारी कोरपोरल अभिमन्यु गौड़ को यहां 13 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान टक्कर मार दी थी। पुलिस ने बताया था कि गाड़ी सांबिया ही चला रहा था।
शहर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सांबिया के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर उसका पता लगाया गया। बोराल ने बताया, ‘रात करीब 8.30 बजे सांबिया के फोन टावर का पता शहर के मध्य क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसके बाद टावर की लोकेशन को फोलो करना शुरू किया और अंतत: उसे पार्क सर्कस से गिरफ्तार कर लिया गया।
COMMENTS