जम्मू। बीएसएफ ने मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित पाकिस्तानी रेंजरों की 14 चौकियां तबाह कर दीं। बीएसएफ ने यह कार्रवाई पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम का उल्लंघन कर की गई गोलीबारी के जवाब में की। पाकिस्तानी गोलाबारी में जम्मू एवं कश्मीर में सात नागरिकों की मौत हो गई।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के प्रवक्ता सुभेंदु भारद्वाज ने कहा कि पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा जम्मू एवं कश्मीर में कई स्थानों पर किए गए संघर्ष विराम उल्लंघनों के मुंहतोड़ जवाब में हमने उनकी कई चौकियों को तबाह कर दिया है। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर के कई इलाकों में मंगलवार तड़के मोर्टार से भारी गोलाबारी की, जिसमें पांच महिलाओं सहित सात नागरिकों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।
पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार से भारी गोले दागे, जिससे यहां के दर्जनों सीमावर्ती गांवों से लोग सामूहिक पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सांबा जिले के रामगढ़ में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नियंत्रण रेखा पर राजौरी में दो लोगों की मौत हो गई। नियंत्रण रेखा वास्तविक सीमा है, जो जम्मू एवं कश्मीर को भारत और पाकिस्तान के बीच बांटती है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि रामगढ़ में मरने वालों में एक 16 साल की लड़की और दो महिलाएं शामिल हैं। सीमा पार से हुई गोलीबारी में कुल 15 अन्य आम लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। हमले में कम से कम दो दर्जन पशु भी मारे गए हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी रेंजर्स सुबह से ही रामगढ़ सेक्टर में भारतीय क्षेत्र में नागरिक क्षेत्रों व रक्षा ठिकानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे हैं। बीएसएफ मुंहतोड़ जवाब दे रही है। दोनों ओर से भारी गोलाबारी जारी है। सांबा जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट बसे गांवों के सैकड़ों लोगों को अपना घर छोड़ने को मजबूर होना पड़ा है। गोलीबारी की जद से बाहर निकलने के लिए लोगों ने हर तरह के वाहनों के उपयोग किए हैं। कुछ लोग पैदल भी पलायन कर गए हैं।
सीमाई इलाके के लोग कटाई के लिए तैयार उनकी फसल को लेकर भी चिंतित हैं। प्राधिकारियों ने जम्मू, कठुआ और सांबा जिलों के सैकड़ों सीमावर्ती निवासियों के लिए शिक्षण संस्थानों, ग्रामीण विकास विभाग के भवनों और सामुदायिक सभागारों में रहने की अस्थाई व्यवस्था की है। रक्षा सूत्रों के अनुसार, राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना ने अनेक भारतीय चौकियों पर गोले दागे। कई गोले गांवों में गिरे, जिससे दो महिलाओं की मौत हो गई।
जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में गत 18 सितम्बर को एक सैन्य शिविर पर पाकिस्तानी आतंकवादियों के हमले के बाद से सीमा पर झड़पें तेज हो गईं हैं। जम्मू एवं कश्मीर में पाकिस्तान के साथ भारत की 230 किलोमीटर अंतर्राष्ट्रीय सीमा और 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा है।
COMMENTS