वॉशिंगटन - अमरीकी सेना ने दावा किया है कि रूस के 2 लड़ाकू जेट बालटिक सागर में तैनात उसके जंगी बेड़े के बेहद करीब से बार-बार गुजरे। अमरीक ने इसे बनावटी हमला करार दिया है। सेना के मुताबिक मंगलवार को रूस के एसयू-24 लड़ाकू विमान उसके जंगी बेड़े के 30 फुट से भी ज्यादा करीब आ गए थे। दावा किया गया है कि ये विमान 11 बार उसके जंगी बेड़े के करीब से गुजरे। यूएसएस डॉनल्ड कुक नाम के अमरीकी जंगी जहाज ने जब उनसे संपर्क करना चाहा तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। एक रूसी केए-27 हेलीकॉप्टर भी यूएसएस डॉनल्ड कुक के करीब से 7 बार गुजरा। हेलीकॉप्टर से उसकी तस्वीरें ली गईं।
अमरीका का कहना है कि उसका जहाज अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में खड़ा था। अमरीकी रक्षा अधिकारी के मुताबिक, जहाज के कमांडर ने रूस के विमानों के इस बर्ताव को गैर पेशेवर करार दिया है। अमरीका ने कहा कि यह घटना समुद्र में असुरक्षित घटनाओं को रोकने के लिए 70 के दशक में हुई संधि के खिलाफ है।
संचालन रोक दिया
जब ये विमान गुजरेे तब द डोनल्ड कुक मित्र देशों की सेना के हेलीकाप्टर के साथ डेक लैंडिंग अभ्यास का आयोजन कर रही थी। रूसी विमानों के गुजरने के दौरान उड़ान संचालन रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि अंग्रेजी और रूसी भाषा में दी गई सुरक्षा चेतावनियों को भी रूसी विमान ने अनदेखा कर दिया। पिछले दो वर्षों में इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं।
नहीं तोड़े कोई नियम : रूस
रूस ने कहा है कि बाल्टिक समुद्र में अमरीकी जंगी जहाज से उड़े रूसी विमानों ने सभी जरूरी सुरक्षा का ध्यान रखा था। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि अमरीकी जहाज डोनल्ड कुक को देखकर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए रूसी लड़ाकू जेट मुड़ गए थे। रूसी मंत्रालय ने कहा है कि अमरीकी जहाज रूस के नौसैनिक अड्डे के पास था।
COMMENTS